सुधांश पंत बोले- जन्मभूमि स्वर्ग के समान, सेवानिवृत्ति के बाद उत्तराखण्ड को समर्पित करूंगा समय; प्रसून जोशी ने कविता से बयां की प्रदेश की विकास यात्रा
देहरादून। दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों ने प्रतिभाग किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ प्रवासियों ने अपने अनुभव साझा किए और प्रदेश के विकास, संस्कृति तथा अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव को लेकर विचार रखे। इस दौरान वक्ताओं ने उत्तराखण्ड की विकास यात्रा की सराहना करते हुए प्रवासियों से प्रदेश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन केवल भावनात्मक जुड़ाव का मंच नहीं है, बल्कि राज्य के विकास को नई गति देने का अवसर भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकास किया है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से उनके पैतृक गांव, पिथौरागढ़ में तीन साल पहले सड़क पहुंची। इससे उत्साहित होकर अब वह अपने 120 वर्ष पुराने पैतृक आवास का जीर्णोद्धार करा रहे हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि जन्मभूमि हम सभी के लिए स्वर्ग के समान है। सेवानिवृत्ति के बाद वह अपना समय जन्मभूमि को ही समर्पित करेंगे।
प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड की नई पीढ़ी भले ही अपनी बोली और भाषा पर पहले जैसी पकड़ न रखती हो, लेकिन अपनी पहचान को लेकर उसमें पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तराखण्ड के लोग आवश्यकता पड़ने पर ही अपनी पहचान जाहिर करते थे, जबकि आज की पीढ़ी अपनी जड़ों और पहचान को लेकर गर्व महसूस करती है। युवाओं में यह आत्मविश्वास विकसित करने के लिए उन्होंने राज्य सरकार की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी कविता ‘ये उत्तराखण्ड का उदय है, उदय में एक लय है…’ के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और गौरव को काव्यात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया।
दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि भले ही लोगों की कर्मभूमि अलग-अलग स्थानों पर हो, लेकिन उत्तराखण्ड उनकी जन्मभूमि है और इस बात पर सभी को गर्व है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लोगों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश-विदेश में पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोगों में जितनी सरलता होती है, उतनी ही जीवटता भी होती है। पहाड़ का व्यक्ति दुनिया में कहीं भी रहे, अपने भीतर के पहाड़ और उससे जुड़े संस्कारों को हमेशा जीवित रखता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उनकी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की।











