उत्तराखंड में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 72.78 लाख मतदाता शामिल

1

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। प्रारंभिक सूची में प्रदेश के कुल 72,78,035 मतदाताओं को शामिल किया गया है। मतदाता सूची में 37,93,373 पुरुष, 34,84,447 महिला और 215 थर्ड जेंडर मतदाता दर्ज हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रदेश में सर्विस मतदाताओं की संख्या 86,028 है। इनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद राज्य में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में चार से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

ऑनलाइन और ऑफलाइन देख सकेंगे सूची

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से भी मतदाता सूची देखी जा सकती है। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है, जबकि जनपद स्तर पर हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

18 वर्ष पूरे करने वाले भरें फार्म-6

उन्होंने बताया कि ऐसे युवा, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं अथवा किसी कारणवश मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं, वे 11 दिसंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन करने के साथ ईसीआई नेट ऐप से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

चार जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

निर्वाचन विभाग के अनुसार, प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत तीन अक्टूबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 72,78,035 हो गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनकी सुनवाई और निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।