संविधान बचाने का दावा करने वाली कांग्रेस ने ही बाबा साहेब का किया अपमान : महेंद्र भट्ट

1

संविधान बचाने का दावा करने वाली कांग्रेस ने ही बाबा साहेब का किया अपमान : महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संविधान दिवस पर अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि, कांग्रेस के राजभवन घेराव को बताया राजनीतिक पाखंड

देहरादून, 26 नवंबर। संविधान दिवस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों से संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान और राजभवन घेराव कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक पाखंड करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान निर्माता को उचित सम्मान नहीं दिया, वह आज संविधान बचाने का दावा कर रही है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भट्ट ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को ऐसा संविधान दिया, जो लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता और न्याय की मजबूत नींव है। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों और संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दिया जाए।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भट्ट ने आरोप लगाया कि पार्टी ने लंबे शासनकाल के दौरान बाबा साहेब के योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया और उनके ऐतिहासिक महत्व को कमतर करने का प्रयास किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस दल पर संविधान निर्माता की उपेक्षा के आरोप लगते रहे हैं, वह आज किस नैतिक आधार पर संविधान बचाने के नाम पर प्रदर्शन कर रहा है।

भट्ट ने कांग्रेस से न्यायपालिका, चुनाव आयोग, संसद और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर उसके रुख पर भी जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रम और अफवाह की राजनीति के जरिए देश के लोकतांत्रिक संस्थानों की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राजभवन का घेराव करने से पहले कांग्रेस को अपने राजनीतिक इतिहास और संविधान के प्रति अपने आचरण पर जवाब देना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता राजनीतिक गतिविधियों और दलों के आचरण पर नजर रख रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से संविधान के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा बाबा साहेब के विचारों के अनुरूप सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की।