मुख्यमंत्री ने गांव में पीड़ितों के बीच बैठकर सुनी आपबीती, बोले- उजड़े आशियाने फिर बसाएगी सरकार, बच्चों की पढ़ाई से लेकर बुजुर्गों की जरूरतों तक की होगी चिंता
उत्तरकाशी। पवाणी गांव में अग्निकांड से उजड़े आशियानों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं पीड़ित परिवारों का दर्द बांटने पहुंचे। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी आपबीती सुनी और नुकसान का जायजा लिया। किसी परिवार को आर्थिक सहायता की जरूरत थी तो किसी को सिर छिपाने के लिए सुरक्षित छत की चिंता। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याएं सुनते हुए प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही स्पष्ट किया कि सरकार की जिम्मेदारी सहायता राशि देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रभावित परिवारों को फिर से सामान्य जीवन में लौटाने के लिए हर जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।
मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों से उनके आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी छीन ली। इस मुश्किल घड़ी में मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचकर अधिकारियों को राहत और पुनर्वास के काम में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
सर्दी से पहले सुरक्षित छत, छह माह का राशन सुनिश्चित
अग्निकांड में ग्रामीणों के मकानों के साथ घरों में सुरक्षित रखा छह माह का राशन भी जलकर नष्ट हो गया। मुख्यमंत्री ने इस स्थिति को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए अगले छह माह के राशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्दी का मौसम और क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना देखते हुए सबसे पहले प्रत्येक परिवार के रहने के लिए सुरक्षित और समुचित व्यवस्था की जाए। किसी भी परिवार को खुले आसमान के नीचे या प्रतिकूल मौसम में रहने की नौबत नहीं आनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की शिक्षा को लेकर भी संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। आवश्यकता के अनुसार विद्यालय की व्यवस्था की जाए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की दैनिक जरूरतों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
सिर्फ राहत नहीं, गांव के भविष्य की भी चिंता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड और अन्य आवश्यक विकास कार्य भी कराए जाएंगे। हालांकि वर्तमान में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने घर और जीवनभर की पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को समझते हुए प्रशासन का प्रत्येक अधिकारी पूरी संवेदनशीलता से काम करे। यह केवल आर्थिक सहायता का विषय नहीं है, बल्कि परिवारों को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प है। किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के लगातार संपर्क में थे तथा राहत कार्यों की जानकारी लेकर जरूरी निर्देश दे रहे थे। गांव पहुंचकर उन्होंने एक बार फिर अधिकारियों को तत्परता से काम करने को कहा।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने, पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने और तत्काल आर्थिक सहायता की घोषणा के लिए आभार जताया। मौके पर जिलाधिकारी सहित जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।













