डॉ. रविंद्र कुमार सैनी ने दिया ‘फर्स्ट मनी’ के बजाय ‘फर्स्ट नेशन’ की विचारधारा अपनाने का संदेश, डीडी कॉलेज में संविधान निर्माण पर हुआ नाट्य मंचन
देहरादून, 26 नवंबर। देश का संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती, नागरिक अधिकारों और राष्ट्रीय कर्तव्यों का आधार है। युवाओं को संविधान की भावना को समझते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। यह बात संविधान दिवस के अवसर पर डीडी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. विदुषी निशंक ने कही।
कॉलेज के सभागार में गुरुवार को ‘लोकतंत्र की आधारशिला : संविधान निर्माण’ विषय पर भव्य नाट्य मंचन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. विदुषी निशंक और विशिष्ट अतिथि डॉ. रविंद्र कुमार सैनी ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
डॉ. विदुषी निशंक ने विधि संकाय के विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नाट्य मंचन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का वर्तमान और भविष्य हैं। उन्हें देश के हित को सर्वोपरि रखकर ही अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के अभिनय, प्रस्तुति और संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को मंच पर जीवंत करने के प्रयास की प्रशंसा की।
वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. रविंद्र कुमार सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ‘फर्स्ट मनी’ के स्थान पर ‘फर्स्ट नेशन’ की विचारधारा से प्रेरित होकर कार्य करना चाहिए। राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ किया गया कार्य ही देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विदुषी निशंक, विशिष्ट अतिथि डॉ. रविंद्र कुमार सैनी, कॉलेज चेयरमैन जितेंद्र यादव, विधि प्राचार्य डॉ. प्रवीण राठी और कॉलेज प्राचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण और वंदना की गई। अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने वर्ष 1946 से 1949 तक संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया को जीवंत कर दिया। संविधान सभा की बहसों, विचार-विमर्श और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व का प्रभावशाली चित्रण किया गया। विद्यार्थियों के सशक्त अभिनय और आकर्षक मंच सज्जा ने दर्शकों को संविधान निर्माण के ऐतिहासिक दौर से रूबरू कराया।
इस अवसर पर डॉ. क्षमा कौशिक ने ‘प्रथम राष्ट्र’ के मूल मंत्र पर आधारित कविता का प्रभावशाली पाठ किया। चेयरमैन जितेंद्र यादव ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विधि संकाय के शिक्षकों और नाटक में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन विधि संकाय की असिस्टेंट लेक्चरर वैदेही और चरणजीत कौर ने किया। डॉ. मयंक बंगारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।













